एनसीआर टुडे. गाजियाबाद। दिल्ली सीमा के नजदीक खोड़ा इलाके की राजीव विहार कॉलोनी में नवविवाहिता के फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पोस्टमार्टम के दौरान बरामद हुए सुसाइड नोट में महिला ने लिखा था कि पति और सास बहुत परेशान करते हैं, इन्हें छोड़ना मत। इसके आधार पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा। खोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि राजीव विहार में पति व सास ससुर के साथ रहने वाली रेखा ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। रविवार सुबह उसके पति टार्जन शाव ने पुलिस को आत्महत्या करने की सूचना दी। टार्जन शाव ने मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से करने से मना किया था। रेखा के परिजनों को भी सूचना दी गई थी। उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं चाही।
रेखा के शव का पोस्टमार्टम करने के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में रेखा ने लिखा था कि उसके पति और सास उसे परेशान करते हैं। दोनों की वजह से वह अपनी जिंदगी से तंग आ गई थी। रेखा ने अपने पिता के नाम सुसाइड नोट लिखा है। इसमें रेखा ने अपने पिता से कहा है कि पति और सास को छोड़ना मत। थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र प्रकाश सिंह का कहना है कि परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी तो पुलिस की तरह से मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपित पति टार्जन शाव और सास रुक्मणी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। रेखा की टार्जन शाव से एक साल पहले ही शादी हुई थी। वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी।