एनसीआर टुडे. गाजियाबाद। शहर के थाना लिंक रोड इलाके के सूर्य नगर में बृज विहार पुलिस चौकी के पास मंगलवार रात चलती बस में अचानक आग लग गई। राहगीरों ने आग लगने के बारे में बस चालक को बताया। चालक बस खड़ी कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में में कोई हताहत नहीं हुआ है। बस पूरी तरह जल चुकी है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बस एक ट्रैवल एजेंसी की है। यह किसी स्कूल में चलती थी। मंगलवार रात करीब 10 बजे खाली बस सूर्य नगर की ओर जा रही थी। बस बृज विहार पुलिस चौकी के पास पहुंची थी।
इसी बीच राहगीरों ने चालक को बस में आग लगने के बारे में बताया। चालक बस खड़ी कर वहां से फरार हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर एक दमकल पहुंची और आधे घंटे में आग पर काबू पाया। पुलिस बस के चेसिस नंबर के आधार पर यह पता कर रही है कि बस किसकी थी?