भारत सीमा पार से पनाह और समर्थन वाले आतंकवाद का पीड़ित: मोदी

वेबवार्ता. रियाद/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा है कि भारत ‘‘सीमा पार से पनाह और समर्थन’’ वाले आतंकवाद से पीड़ित है। उन्होंने आह्वान किया कि देशों को दूसरे देशों के खिलाफ आतंकवाद का इस्तेमाल बंद करना चाहिए और आतंकी ढांचों को नष्ट करना चाहिए तथा आतंकवाद का वित्तपोषण बंद करना चाहिए। अरबी भाषा के अखबार ‘ओकाज’ के बुधवार संस्करण और अंग्रेजी भाषा के अखबार ‘सऊदी गजट’ में प्रकाशित साक्षात्कार में मोदी ने कहा कि भारत सभी तरह के चरमपंथ और आतंकवाद को खारिज करता है।



साक्षात्कार पुलवामा अतंकी हमले के बाद ऐसे समय प्रकाशित हुआ है जब सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर हैं। पुलवामा में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के एक आतंकवादी द्वारा किए गए आत्मघाती हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवान शहीद हो गए थे। मोदी ने सऊदी अरब के करीबी सहयोगी पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा, ‘‘भारत दशकों से सीमा पार से पनाह और समर्थन प्राप्त आतंकवाद का पीड़ित रहा है जिसने हजारों निर्दोष लोगों की जान ली है।’’



प्रधानमंत्री ने कहा कि चरमपंथ और और आतंकवाद की बुराई सभी राष्ट्रों और समाजों के लिए खतरा हैं और इसे किसी विशेष नस्ल, धर्म या संस्कृति से जोड़े जाने के किसी भी प्रयास को खारिज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी देशों का यह आह्वान भी करते हैं कि वे अन्य देशों के खिलाफ आतंकवाद के इस्तेमाल को खारिज करें, आतंकी ढांचों को नष्ट करें और इसका वित्तपोषण बंद करें।’’प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सभी तरह के चरमपंथ और आतंकवाद को खारिज करता है चाहे इसके पीछे कहीं भी, किसी के भी द्वारा, कोई भी मकसद हो।


ncrtoday

मैं पिछले 19 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हूं। मैने अपने कैरियर की शुरूवात लोकल अखबारों से की। वर्ष 2001 में दैनिक भास्कर के साथ जुड़ने का अवसर मिला। 2008 की शुरूवात में दैनिक भास्कर का साथ छुटा। इसके बाद मैने इंडिया न्यूज में गाजियबाद-नोएडा में ब्यूरो प्रभारी के रूप में काम किया। कई समाचार पत्रों में काम करने के बाद अक्टूबर 2009 में एनसीआर टुडे समाचार पत्र शरू किया। वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हूँ। मेरे मोबाइल नंबर 9899683800,पर किया जा सकता है।

أحدث أقدم