एनसीआर टुडे. गाजियाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-दो बी-ब्लॉक में मंगलवार रात चोर आठ कार से बैटरी चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह पीड़ितों को चोरी का पता चला और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी। फुटेज में मोटरसाइकिल सवार दो युवक कार से बैटरी चोरी कर ले जाते हुए दिख रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। साहिबाबाद थानाक्षेत्र के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-दो, बी-91 में संजय लंगर परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार रात उन्होंने अपनी वैगन आर कार घर के सामने खड़ी की थी। बुधवार सुबह उन्होंने देखा तो उनकी कार का बोनट खुला हुआ था। बैटरी चोरी हो चुकी थी। इसी बीच उन्हें पता चला कि उनके पड़ोस में रहने वाले आकाश, भास्करन, गौरव समेत सात लोगों की कार से बैटरी चोरी हो चुकी हैं। पीड़ितों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर पीड़ितों को साहिबाबाद थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहकर चली गई।