पंजाब में सभी 13 लोस सीटों पर आम चुनाव लड़ेगी आप: केजरीवाल

पवन सहयोगी. नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की है कि पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल रविवार को बरनाला शहर में एक रैली के साथ लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करने के लिए पंजाब पहुंचे। केजरीवाल ने यहां से करीब 130 किलोमीटर दूर संगरूर में मीडिया से कहा, लोग एक बदलाव चाहते हैं।



वे मोदी सरकार से तंग आ चुके हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा हार जाएगी। इस दौरान केजरीवाल ने आप पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जिसमें सांसद भगवंत मान, विपक्ष के नेता हरपाल चीमा और विधायक अमन अरोड़ा शामिल थे। बता दें कि आप ने अक्टूबर में लोकसभा सीट के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। ये सीटें हैं संगरूर, फरीदकोट, होशियारपुर, अमृतसर और आनंदपुर साहिब।
पंजाब से आप के दो सांसद, धर्मवीर गांधी और हरिंदर खालसा, जिन्हें अगस्त 2015 में आप से निलंबित कर दिया गया था, उन्हें अब तक पार्टी के उम्मीदवारों के रूप में नामित नहीं किया गया है और उनका निलंबन भी निरस्त नहीं किया गया है।आप ने दो मौजूदा सांसदों भगवंत मान (संगरूर) और साधु सिंह (फरीदकोट) की उम्मीदवारी बरकरार रखी है।
आप ने 2014 के आम चुनावों में पंजाब में चार लोकसभा सीटें जीती थीं। 2014 में आप उम्मीदवारों ने अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। पार्टी उस चुनाव में देश में कहीं और एक भी लोकसभा सीट नहीं जीत सकी थी। राज्य में कुल 13 लोकसभा सीटें हैं और यहां मार्च 2017 से कांग्रेस सत्ता में है।
गौरतलब है कि आप ने पंजाब में पारंपरिक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के खिलाफ तीसरे विकल्प के रूप में बहुत सारी उम्मीदें दिखाई थीं, लेकिन पिछले दो वर्षों से पार्टी में अंदरूनी विवाद व विद्रोह की खबरें आती रही हैं। विधायक सुखपाल सिंह खैरा, एच.एस. फुल्का और बलदेव सिंह पार्टी छोड़ चुके हैं। फुल्का विधायक पद से भी इस्तीफा दे चुके हैं।


ncrtoday

मैं पिछले 19 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हूं। मैने अपने कैरियर की शुरूवात लोकल अखबारों से की। वर्ष 2001 में दैनिक भास्कर के साथ जुड़ने का अवसर मिला। 2008 की शुरूवात में दैनिक भास्कर का साथ छुटा। इसके बाद मैने इंडिया न्यूज में गाजियबाद-नोएडा में ब्यूरो प्रभारी के रूप में काम किया। कई समाचार पत्रों में काम करने के बाद अक्टूबर 2009 में एनसीआर टुडे समाचार पत्र शरू किया। वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हूँ। मेरे मोबाइल नंबर 9899683800,पर किया जा सकता है।

Previous Post Next Post