एक्वा लाइन मेट्रो का मुख्यमंत्री ने नोएडा में किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने नोएडा को दी 1450 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात

संजय कुमार शर्मा. नोएडा/ नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नोएडा ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित 5503 करोड़ रुपए की लागत से बनी एक्वा लाइन मेट्रो का विधिवत उद्घाटन कर दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय शहरी एवं आवास राज्य मंत्री हरदीप पुरी, केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा मौजूद रहे। उद्घाटन अवसर मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। आज से शुरू हुई मेट्रो लाइन 26 जनवरी से आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी।


तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर तकरीबन 2:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए मुख्यमंत्री ने झंडी दिखाकर नोएडा के सेक्टर 137 से मेट्रो का शुभारंभ किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा की इस योजना के पूरा हो जाने से दिल्ली एनसीआर समेत नोएडा और ग्रेटर नोएडा के तकरीबन दो लाख लोगों की यात्रा सुगम होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के क्षेत्र में व्यापक काम कर रही है जल्द ही मेरठ, कानपुर, आगरा समेत कई शहरों में मेट्रो चलाने की तैयारी की जा रही है। इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा चुकी है। इसके अलावा दिल्ली से मेरठ के बीच रैपिड रेल सिस्टम शुरू करने का काम किया जा रहा है। 


मुख्यमंत्री ने इस मौके पर नोएडा में तकरीबन 1450 करोड रुपए की लागत से बनने वाली 6 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया उनमें नोएडा की परियोजना जिसमें नोएडा को दिल्ली से जोड़ने के लिए यमुना नदी पर पुल, सेक्टर 33 में शिल्प हॉट एवं बुनकर भवन, सेक्टर 108 में ट्रैफिक पार्क, दादा दादी पार्क, शाहदरा ड्रेन के पुल का चौड़ीकरण, चिल्ला रेगुलेटर सेक्टर -14 होकर महामाया पुल तक एलिवेटेड रोड, डीएससी रोड पर अगापुर से स्पेशल इकोनामिक जोन तक बनने वाली एलिवेटेड रोड, सेक्टर 94 में बने कमांड कंट्रोल सेंटर, सेक्टर 62 में मातृ एवं बाल सदन सेक्टर 51, 52, 71, 72 अंडरपास परियोजना शामिल है।

नोएडा से ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली एक्वा लाइन मेट्रो सर्विस पर 21 स्टेशन बने हैं। यह ट्रेन नोएडा के सेक्टर 51 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा स्थित डिपो स्टेशन तक चलेगी। अधिकारियों ने बताया कि इस लाइन पर न्यूनतम किराया 10 रुपए और अधिकतम किराया 50 रुपए रखा गया है। दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर स्मार्ट कार्ड धारकों को किराए में 10 फ़ीसदी की छूट भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश महिला आयोग के अध्यक्ष विमला बाथम, नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक आलोक टंडन, कार्यकारी निदेशक पीडी उपाध्याय, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण, यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण कुमार सिंह, दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के निर्देशक मंगू सिंह के अलावा जिला अधिकारी बीएन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

(up cm yogi adityanath inaugurate aqua line metro today)

ncrtoday

मैं पिछले 19 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हूं। मैने अपने कैरियर की शुरूवात लोकल अखबारों से की। वर्ष 2001 में दैनिक भास्कर के साथ जुड़ने का अवसर मिला। 2008 की शुरूवात में दैनिक भास्कर का साथ छुटा। इसके बाद मैने इंडिया न्यूज में गाजियबाद-नोएडा में ब्यूरो प्रभारी के रूप में काम किया। कई समाचार पत्रों में काम करने के बाद अक्टूबर 2009 में एनसीआर टुडे समाचार पत्र शरू किया। वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हूँ। मेरे मोबाइल नंबर 9899683800,पर किया जा सकता है।

Previous Post Next Post