एनसीआर टुडे. गाजियाबाद। मोदीनगर में बारिश के बाद सड़क किनारे जगह-जगह जलभराव होने से हाईवे पर मंगलवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुरादनगर में भी वाहनों की गति पर विराम लगा रहा। जाम से बचने के लिए लोगों ने वैकल्पिक रास्तों को चुना, लेकिन वहां भी लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिल सकी। मंगलवार को दिन निकलते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे मोदी मंदिर, बस अड्डा, सौंदा कट, राज चौपला व अन्य कई स्थानों पर सड़क किनारे जलभराव हो गया। इसी कारण हाईवे पर दौड़ रहे वाहनों की गति भी धीमी पड़ गई। हालत यह हो गई कि लोगों को मोदीनगर के आबादी क्षेत्र में दिनभर जाम झेलना पड़ा। मेरठ की तरफ वाहनों की कतारें महेंद्रपुरी गेट से लेकर तेल मिल गेट तक जबकि मेरठ से गाजियाबाद की ओर वाहनों की कतारें मोदी मंदिर से लेकर गोविंदपुरी तक लगी थीं। सिखैड़ा रोड के सामने नाले से ओवरफ्लो होकर पानी हाईवे पर करीब एक फिट तक भर गया। जिससे वहां भी लोगों को भीषण जाम से दो चार होना पड़ा। सुबह से शाम तक लोगों को रेंग-रेंगकर हाईवे पर सफर तय करना पड़़ा।