एनसीआर टुडे. गाजियाबाद। विद्युत विभाग ने बकायेदारों से लेकर चोरों के खिलाफ कार्यवाही तेज कर दी है। जिले भर में इस माह विभिन्न स्थानों पर विभागीय टीमों ने ढाई हजार से अधिक घरों पर चेकिंग की, जिसमें 50 हजार से अधिक के 70 बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए, जिनमें 42 उपभोक्ता लोनी क्षेत्र के हैं। वहीं, 197 विद्युत चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इनमें भी सर्वाधिक 83 लोनी क्षेत्र के ही हैं।
जैसे-जैसे वित्तीय वर्ष अंतिम दौर में पहुंच रहा है, ठीक वैसे ही विद्युत विभाग पर बकाया वसूली का दबाव बढ़ रहा है। इसे लेकर विभागीय टीमों ने चेकिंग के साथ ही बकायेदारों से वसूली और कार्रवाई में तेजी शुरू कर दी है। जनवरी माह में विभागीय टीमों ने जहां जिले भर में पांच किलोवाट से कम भार वाले 2065 उपभोक्ताओं में 277 के यहां विद्युत चोरी पकड़ी गई। वहीं, पांच किलोवाट से अधिक भार वाले 511 उपभोक्ताओं के यहां की गई चेकिंग में दो चोरी के मामले मिले। इसके अलावा यहां 89 अनियमितताएं मिलने के साथ ही धारा 135 के तहत 197 उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
चेकिंग के दौरान 50 हजार से अधिक के बकायेदार 70 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। विद्युत चोरी में दर्ज मुकदमे के बावजूद सात ऐसे लोग भी मिले, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई और उनके यहां फिर से चोरी की बिजली चलती मिली। चेकिंग के दौरान गाजियाबाद में सात व लोनी में तीन ऐसे मामले मिले हैं, जिनके कनेक्शन काट दिए गए लेकिन उनके यहां चोरी से बिजली चलती मिली। विद्युत चोरों व बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जिले भर में टीमें बनाकर क्षेत्रों में गहनता से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चोरी, अनियमितता मिलने पर सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।