भाजपा की पूनम महाजन ने कहा कि यह विधेयक पूरे विश्व में यह बात स्थापित करेगा कि यह सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' की भावना के साथ मुस्लिम महिलाओं के साथ न्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज बदल रहा है, देश बदल रहा है और ऐसे में उन धार्मिक मान्यताओं में बदलाव होना चाहिए जो महिलाओं के खिलाफ हैं। पूनम ने कहा कि इस विधेयक के कानून बन जाने से तीन तलाक देने वालों में डर पैदा होगा और इस समस्या पर रोक लगेगी। भाजपा ने तीन तलाक को निषेध करने वाले विधेयक को महिलाओं के लिए न्याय देने लिए उठाया गया कदम करार देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी इसके जरिए प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाते हुए मुस्लिम महिलाओं हक उनका दे रहे हैं जो राजीव गांधी ने 1980 के दशक में नहीं किया था। भाजपा की मीनाक्षी लेखी ने कहा कि विपक्ष के लोगों को यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि नरेंद्र मोदी जैसे हिंदू मुस्लिम महिलाओं के 'भाई' कैसे बन गए।