एनसीआर टुडे. गाजियाबाद । लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की बेहटा हाजीपुर नहर में सोमवार रात मिले मृतक की शिनाख्त रिक्शा चालक के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। बता दें कि सोमवार रात करीब साढे़ नौ बजे राहगीरों ने बेहटा हाजीपुर नहर में युवक का शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। लोनी बार्डर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात मृतक की शिनाख्त ओमप्रकाश (45) निवासी उत्तरांचल विहार सोसायटी के रूप में हुई है। वह रिक्शा चालक था। छह मार्च को रिक्शा लेकर गया था। तभी से वापस नहीं आया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस मामले को हादसे में मौत से जोड़कर देख रही है।