एनसीआर टुडे. नई दिल्ली। पुलिस को आम लोगों के प्रति व्यवहार कुशल और संवेदनशील बनाने के प्रयासों को आगे बढाते हुए गृह मंत्रालय पुलिस के बारे में नागरिकों की राय जानने के लिए देश भर में एक सर्वेक्षण करायेगा। मंत्रालय ने पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी) से कहा है कि वह देश भर में पुलिस सेवाओं का अखिल भारतीय सर्वेक्षण करे और यह पता लगाये कि पुलिस के व्यवहार और कामकाज के बारे में लोगों की धारणा और राय क्या है।
अगले महीने से शुरू होने वाला यह सर्वेक्षण नौ महीने तक चलेगा जिसमें राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण प्रणाली के तहत देश भर के 173 जिलों के एक लाख डॉ हजार घरों में जाकर पुलिस के कामकाज के तरीके और उनके व्यवहार के बारे में लोगों से सवाल पूछे जायेंगे।
सर्वेक्षण में सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को समुचित प्रतिनिधित्व दिया जायेगा। लोगों से महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में पुलिस के रूख के बारे में विशेष रूप से सवाल पूछे जायेंगे। सर्वेक्षण के परिणाम के आधार पर पुलिस के कामकाज, अपराधों पर रोक लगाने के उपायों, सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम और पुलिस विभाग को दिये जाने वाले अनुदान आदि से संबंधित नीतिगत निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
मंत्रालय ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से अनुरोध किया है कि वे इस सर्वेक्षण में हर संभव सहयोग करें और राज्य पुलिस को भी अपने स्तर पर इस तरह के सर्वेक्षण कराने के लिए प्रोत्साहित करें। मंत्रालय के अनुसार इस सर्वेक्षण का एक उद्देश्य सरकार और लोगों के बीच संपर्क को बढाना है जिससे सुशासन के मॉडल को और बेहतर बनाया जा सके।