बंदूक उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगाः कोर कमांडर

वेबवार्ता. जम्मू। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले और उसके बाद सोमवार को 20 घंटे चले एनकाउंटर को लेकर मंगलवार को सुरक्षाबलों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में चिनार कॉर्प्स के लेफ्टिनेंट जनरल केजीएस ढिलन्न ने बताया कि सुरक्षाबलों ने 100 घंटे के भीतर पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड कामरान को मार गिराया गया है और इस हमले में आईएसआई का भी हाथ था।



इस दौरान उन्होंने घाटी के पत्थरबाजों को भी चेतावनी दी। लेफ्टिनेंट जनरल ढिलन्न ने कहा कि हम लोग लम्बे समय से जैश ए मोहम्मद के आतंकियों पर नजर बनाए हुए थे। जैश के आतंकियों ने ही पुलवामा में आतंकी हमला किया था। उन्होंने कहा कि हमने पुलवामा हमले के 100 घंटे के भीतर घाटी में मौजूद जैश कमांडर तथा पुलवामा हमले के मास्टर माइंड को ढेर कर दिया है।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर की महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वह रास्ता भटक चुके अपने बच्चों को समझाएं और उन्हें आत्मसर्म्पण करने को कहें। उन्होंने कहा कि सेना के पास सरेंडर पॉलिसी है और अब अगर जो भी सेना के खिलाफ बंदूक उठाएगा वह मारा जाएगा। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते हैं कि कोई भी नागरिक घायल हो।
सेना के अफसरों ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले के पीछे आईएसआई का हाथ था और उनकी मदद से ही जैश ने हमला किया था।
लेफ्टिनेंट जनरल ने जम्मू-कश्मीर के पत्थरबाजों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी स्थानीय नागरिक मुठभेड़ की जगह पर ना आए, ना ही मुठभेड़ के दौरान और ना ही मुठभेड़ के बाद। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा होता है तो उन्हें भी कार्रवाई करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना और आईएसआई जैश-ए-मोहम्मद को नियंत्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड कामरान ही था, जिसे मार गिराया गया है। उन्होंने आतंकियों को खुली चेतावनी दी और कहा कि जो भी आतंकी जम्मू-कश्मीर में घुसेगा वह जिंदा नहीं बचेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कश्मीर के आईजी एसपी पाणी ने कहा कि पिछले साल हमने जैश के 58 आतंकियों को मार गिराया था जबकि इस साल भी 12 जैश आतंकियों को मौत के घाट उतारा जा चुका है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चिनार कॉर्प्स के लेफ्टिनेंट जनरल केजी ढिलन्न, श्रीनगर के आईजी एसपी पाणी, सीआरपीएफ के आईजी जुल्फिकार हसन और विक्टर फोर्स के जीओसी मेजर जनरल मैथ्यू शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में जैश ए मोहम्मद के आतंकी ने सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला किया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे जिसके बाद से ही पूरा देश आक्रोश में है।
पुलवामा हमले के बाद सोमवार सुबह पिंगलिना गांव में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर सुरक्षाबलों द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया था जिसमें सुरक्षाबलों ने पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड कामरान उर्फ गाजी राशिद सहित तीन आतंकियों को मार गिराया जबकि इस दौरान एक मेजर सहित सेना के 4 जवान शहीद हुए।


Webvarta.com


ncrtoday

मैं पिछले 19 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हूं। मैने अपने कैरियर की शुरूवात लोकल अखबारों से की। वर्ष 2001 में दैनिक भास्कर के साथ जुड़ने का अवसर मिला। 2008 की शुरूवात में दैनिक भास्कर का साथ छुटा। इसके बाद मैने इंडिया न्यूज में गाजियबाद-नोएडा में ब्यूरो प्रभारी के रूप में काम किया। कई समाचार पत्रों में काम करने के बाद अक्टूबर 2009 में एनसीआर टुडे समाचार पत्र शरू किया। वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हूँ। मेरे मोबाइल नंबर 9899683800,पर किया जा सकता है।

أحدث أقدم