एनसीआर टुडे. नई दिल्ली। राष्ट्रपति ने 48 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है इनमें से 8 को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदकों से नवाजा जायेगा। इन सभी को ये पदक मरणोपरांत दिया जा रहा है। उत्तम जीवन रक्षा पदकों के लिए 15 और जीवन रक्षा पदकों के लिए 25 व्यक्तियों को चुना गया है। सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदकों के लिए चुने गये व्यक्तियों में छत्तीसगढ के किशोर राय और मास्टर चेतन कुमार निषाद, महाराष्ट्र के कोस्तुभ भगवान तरमाले और मास्टर पी विजय वाडेकर, मिजोरम के पी लालवेनपुइया और टी लालरिनवमा, दिल्ली की कुमारी नितिशा नेगी और ओडिशा के राकेश चंद्र बेहेरा शामिल हैं। जीवन रक्षा पदक किसी की जान बचाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिये जाते हैं। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक , उत्तम जीवन रक्षा पदक और जीवन रक्षा पदक में प्रदान किये जाते हैं।